अज्ञात वाहन की टक्कर से इंजीनियरिंग छात्र की मौत
दोस्त गंभीर घायल, खाना खाने जाने के दौरान हुआ हादसा, किशनगंज पुलिस जांच में जुटी
इंदौर। इंदौर-पीथमपुर रोड पर अपना स्वीट्स पिगड़म्बर के सामने एक भीषण सड़क हादसे में मेडिकैप्स कॉलेज के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र स्कूटी पर सवार होकर खाना खाने जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
किशनगंज थाना प्रभारी अमित भामोर के अनुसार, मृतक की पहचान अथर्व पिता अमित कटरे (20 )निवासी छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। अथर्व मेडिकैप्स कॉलेज में पढ़ाई करता था। घटना के वक्त वह अपने दोस्त शैलेष सिंह के साथ स्कूटी से खाना खाने निकला था।
जैसे ही उनकी स्कूटी पिगड़म्बर स्थित अपना स्वीट्स के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि अथर्व की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी शैलेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
किशनगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
