पहले मैच से ही एशिया कप का आगाज करेगी इंडियन वूमन टीम
थाईलैंड के खिलाफ
होगा मैच
दुबई। महिला एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच पांच सितंबर को होने वाले मुकाबले से पहले हैंडशेक प्रोटोकॉल को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने फिलहाल इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने कहा कि टीम का पूरा ध्यान एशिया कप के शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने पर है। आज थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्प्रेंस में अमोल मजूमदार से भारत- पाकिस्तान मैच के दौरान हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि टीम मैदान के अंदर और बाहर अनावश्यक चीजों पर ध्यान देने के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर फोकस करती है।
मजूमदार ने कहा, हम मैदान पर और मैदान के बाहर की चीजों पर ध्यान नहीं देते। हम उस दिन अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं। जब हम पाकिस्तान के खिलाफ वह मुकाबला खेलेंगे, तब इस बारे में बात करेंगे। फिलहाल हमारा ध्यान कल के मैच पर है। हम एक समय में एक ही मैच पर ध्यान दे रहे हैं।
पांच सितंबर को भारत- पाकिस्तान की भिड़ंत—
महिला एशिया कप में भारत को अपना पहला मुकाबला रविवार को थाईलैंड के खिलाफ खेलना है। इसके बाद पांच सितंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इसी मुकाबले को लेकर हैंडशेक प्रोटोकॉल का मुद्दा चर्चा में है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों में भारतीय टीम द्वारा हैंडशेक से दूरी बनाए रखने का सिलसिला सितंबर 2025 में पुरुष एशिया कप के दौरान शुरू हुआ था। इसके बाद भारत-पाकिस्तान के मुकाबलों में यह प्रोटोकॉल लगातार देखने को मिला है।
हरमनप्रीत कौर ने भी नहीं दिया था स्पष्ट जवाब-
जून 2026 में बर्मिंघम में खेले गए महिला टी20 विश्व कप के भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भी हरमनप्रीत कौर की टीम ने पाकिस्तानी कप्तान और खिलाड़ियों के साथ हैंडशेक नहीं किया था। अब महिला एशिया कप से पहले जब भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से पूछा गया कि पांच सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में हैंडशेक होगा या नहीं, तो उन्होंने भी इस पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया था।
भारत की नजर आठवें एशिया कप खिताब पर—
ेभारत महिला एशिया कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है। भारतीय टीम अब तक सात बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। ऐसे में टीम की नजर इस बार आठवीं ट्रॉफी पर होगी। हालांकि, कोच अमोल मजूमदार टूर्नामेंट के नतीजे को लेकर अभी से आगे की योजना बनाने के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि टीम का फोकस फिलहाल सिर्फ अपने अगले मुकाबले पर है। मजूमदार ने कहा, 'मैं बहुत आगे के बारे में नहीं सोचना चाहता। हम एक समय में एक मैच पर ध्यान देंगे। हमारा पूरा फोकस कल के मुकाबले पर है।' भारत रविवार को थाईलैंड के खिलाफ अपने महिला एशिया कप अभियान की शुरुआत करेगा।
