बस दिखाने के बहाने ऑफिस बुलाकर व्यापारी और भतीजे को बनाया बंधक
जमकर मारपीट, डेढ़ लाख रुपये के लिए भतीजे को झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कलश चौराहे पर एक आरोपी ने बस दिखाने के बहाने फरियादी को अपने ऑफिस बुलाया और दरवाजा बंद कर उसके व भतीजे के साथ मारपीट की। आरोपी ने पुरानी उधारी का हवाला देकर डेढ़ लाख रुपये न देने पर भतीजे को झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पिपलदा कम्पेल, खुड़ैल निवासी फरियादी अशोक पिता कन्हैयालाल पटेल ने परदेशीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि 20 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी चीकू यादव उर्फ नेता ने उन्हें फोन कर बस दिखाने की बात कही और कलश चौराहा परदेशीपुरा स्थित अपने ऑफिस में बुलाया। जब फरियादी अपने भतीजे करण पटेल के साथ बताए गए ऑफिस पहुंचे, तो आरोपी चीकू यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी चीकू ने धमकी दी कि यदि दो घंटे के भीतर उसकी दी हुई 1,50,000 रुपये की उधारी राशि नहीं लौटाई, तो वह भतीजे करण को झूठे केस में फंसा देगा। आरोपियों ने अगले दिन तक पैसे न देने पर जान से खत्म करने की भी धमकी दी।
परदेशीपुरा थाना पुलिस ने फरियादी अशोक पटेल की रिपोर्ट पर चीकू यादव और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
