रास्ते में रोककर गाली-गलौज, फिर स्कूटर से ले जाकर गाय के बाड़े में पीटा
इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीन नगर में बदमाशों द्वारा एक युवक को बीच रास्ते रोककर गाली-गलौज करने और फिर जबरन स्कूटर पर बैठाकर गाय के बाड़े में ले जाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, परिहार कॉलोनी निवासी फरियादी आशुतोष पिता छतर सिंह 16 अगस्त की शाम नगीन नगर स्थित सिटी स्टार स्कूल के सामने से गुजर रहा था तभी आरोपी पृथ्वी वर्मा निवासी विजयश्री नगर अपने साथी के साथ आया और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी जबरदस्ती पीड़ित को अपने स्कूटर पर बैठाकर मारुति पैलेस के पास स्थित एक गाय के बाड़े में ले गए।
वहां आरोपियों ने डंडों से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसके पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
