मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी
इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में गड़बड़ी पुल के पास एक मोबाइल रिपेयरिंग शॉप को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और रिपेयरिंग के लिए आए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य एसेसरीज सहित लगभग 59 हजार रुपये का माल समेटकर रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आजाद नगर निवासी फरियादी अफजल पिता युसुफ खान ने राजेंद्र नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि गड़बड़ी पुल के पास स्थित शिव स्क्वेयर की दुकान नंबर 13 में उनकी मोबाइल रिपेयरिंग और एसेसरीज की दुकान है।
अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से रिपेयरिंग के लिए आए कुल 5 मोबाइल फोन, लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप, मोबाइल एसेसरीज, ग्लास गार्ड, एक एलसीडी स्क्रीन और दुकान में लगा डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरी गए कुल मश्रूका की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब मालिक पहुंचे तो ताला टूटा देख चोरी का पता चला। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
