सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

75 साल पुराने मल्हारगंज थाना में अंतिम बार हुआ ध्वजारोहण

जल्द ही मेट्रो के कारण टूटेगा थाना, जिंसी में होगा शिफ्ट

पुराने इन्दौर में इमारतों के तो अपने किस्से बने हुए है वहीं पुलिस थाना भी पुराना होने के कारण क्षेत्रीय रहवासियों से जुड़ाव रखता है। मल्हारगंज पुलिस थाना में अंदर शिव मंदिर भी बना हुआ है, जहां आसपास के कई रहवासी दर्शन के लिए जाते है। मेट्रो के कारण अब यह थाना जल्द ही टूटेगा और जिंसी में शिफ्ट होगा, इससे पहले कल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस थाना परिसर में अंतिम बार ध्वजारोहण किया गया।

क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि मल्हारगंज थाना 1950 में स्थापित किया गया था। तब यहां पतरों से कच्चा भवन बना था जो बाद में पक्का भवन बना। उस समय खजूरी बाजार से ही यह थाना स्पष्ट नजर आता था। रात में धीमी रोशनी वाला एक बल्ब भी दूर से जलता हुआ नजर आता था।

शुरू से ही 15 अगस्त और 26 जनवरी को थाना परिसर में झंडावंदन किया जाता है। क्षेत्रीय रहवासी भी इस झंडावंदन में मौजूद रहते है। कल जब यहां स्वतंत्रता दिवस अवसर पर झंडावंदन किया गया तो लोगों ने कहा कि अगले स्वतंत्रता दिवस तक तो थाना यहां से शिफ्ट हो जाएगा।

रहवासियों ने याद किया कि थाना के ऊपर सायरन भी लगा था जो राष्ट्रीय त्योहारों पर बजाया जाता था।