युवती का पीछा कर की छेड़छाड़, विरोध करने पर दी धमकी
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने सरेराह युवती का पीछा कर गलत नीयत से उसे छुआ और विरोध करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर जूनी इंदौर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना स्नेह नगर स्थित एक्यूसी लैब प्राइवेट लिमिटेड के पास घटित हुई। पीड़िता जब क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी कालानी नगर निवासी आरोपी केतन चितले ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने बुरी नीयत से युवती का रास्ता रोका और उसके साथ अभद्र हरकत करते हुए छेड़छाड़ की।
जब युवती ने आरोपी के इस कृत्य का कड़ा विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी केतन चितले ने उसे सरेराह जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद घबराई पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
