नैवैद्य टोंडे, कनिका जाट बने पुरुष एवं महिला एकल वर्ग में जिला चैंपियन
इंदौर। इंदौर जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित रूसी पुनेगर स्मृति इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप- 2026 पुरुष एकल में नैवैद्य टोंडे ने कन्हैया शर्मा को 15- 7, 15-11 से पराजित कर पहली बार इंदौर जिला सीनियर पुरुष एकल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। महिला वर्ग के फाइनल में कनिका जाट ने शीर्ष वरीय ओजस्वी भोमिया को बेहद रोमांचक मुकाबले में से पराजित कर पहली बार जिला सीनियर महिला एकल खिताब अपने नाम किया।
पुरुष युगल में ओम पटेल एवं कन्हैया शर्मा की जोड़ी ने अनिकेत परदेसी एवं वत्सल सोमन को 15-13, 15-11 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव भी पहली बार हासिल किया। महिला युगल में गौरी चिट्टे एवं स्वाति सोलंकी की जोड़ी ने कनिका जाट एवं कृति तिवारी को 15-9, 15-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मिश्रित युगल में अनिकेत परदेसी एवं स्वाति सोलंकी की जोड़ी ने कन्हैया शर्मा एवं कृति तिवारी को 15- 11, 15-4 से पराजित कर मिश्रित युगल का खिताब अपने नाम किया और स्वाति सोलंकी ने दोहरा खिताब जीता।
पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजेश डंडोतिया एसीपी, साइबर क्राइम थे। अध्यक्षता प्रतियोगिता के प्रायोजक सुमित घोरावत एवं सह- प्रायोजक प्रकाश धाकड़ ने की। इस अवसर पर सीमा बापना, श्याम मंगल तथा शोभा अग्रवाल, रजनीश जैन, श्वेतांग वर्मा, कमलप्रीत कौर नय्यर, कोच गौरव नमन सिंह एवं पराग गुप्ता भी उपस्थिति थे।
अतिथियों का स्वागत इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव आर. पी. एस. नय्यर, संघ अध्यक्ष डॉ. अनिल भंडारी, मनीष त्रिवेदी एवं रवि गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुधांशु व्यास ने किया। खिलाड़ियों को कुल 41,000 की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
उल्लेखनीय है कि खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन एवं प्रतियोगिता के बढ़ते स्तर को देखते हुए इस वर्ष कुल पुरस्कार राशि 31,000 से बढ़ाकर 41,000 कर दी गई।
