सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

माहेश्वरी कुटुम्ब की कावड़ यात्रा में झांकियां और डमरू बैण्ड

बैठक में लिए गए कई निर्णय

पश्चिमी मप्र प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के साथ माहेश्वरी कुटुम्ब की कावड़ यात्रा रविवार 9 अगस्त को सुबह 9 बजे से रिंग रोड स्थित परस्पर गार्डन परिसर से निकलने वाली ‘जय महेश कावड़ यात्रा’ में इस बार अनेक आकर्षण शामिल होंगे। यात्रा में देश की 7 प्रमुख नदियों के जल के साथ ही 7 झांकियां और लगभग ढाई हजार श्रद्धालु बोल बम और जय शिव का उद्घोष करते हुए शामिल होंगे। वहीं महाकाल का भस्म रमैया डमरू बैंड भी शामिल रहेगा।

नवलखा कार्यालय पर बैठक में यात्रा को अंतिम रूप दिया गया। शारदा- प्रकाश अजमेरा, महेश मूंगड, अशोक इनानी, मनोज छापरवाल, पुष्प माहेश्वरी, अजय झंवर (सेंधवा), दिलीप लोया (उज्जैन), मधुसूदन भलिका, रुपेश भूतड़ा, राजेश मूंगड, सुरेश हेडा, श्रीमोहन सोमानी, गोपाल राठी एवं माहेश्वरी समाज के प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह निर्णय भी लिया गया कि यात्रा में शामिल सभी मातृशक्ति पीताम्बर एवं पुरुष भगवा धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा के परिधान में शामिल होंगे।

यात्रा परस्पर गार्डन से प्रारम्भ होकर मेन रोड, फूटी कोठी चौराहा, रणजीत हनुमान, नाकोडा से गुमाश्ता नगर स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी जहाँ शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में समाज में एकता और सदभाव के लिए प्रार्थना भी की जाएगी। यात्रा में भगवान उमा महेश एवं भगवान भोलेनाथ और माँ पार्वती के चमत्कारों पर आधारित 7 झांकियां भी शामिल रहेगी। यात्रा के पहले कावड़ यात्री अपने कावड़ में पवित्र जल भरेंगे जिनका पूजन भी होगा, 2 हजार भक्तों का पंजीयन हो चुका है, 51 सदस्यीय अखाड़ा भी रहेगा। उक्त पूर्ण जानकारी प्रकाश-शारदा अजमेरा ने दी।