4 साल के जश्न में भाजपा की गुटबाजी हो गई उजागर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कल निगम परिषद के और अपने महापौर के चार साल के कार्यकाल को लेकर रिपोर्ट कार्ड जारी किया। महापौर ने मीडिया से चर्चा के लिए वार्ता भी आयोजित की थी। इसमें महापौर परिषद के सभी सदस्यों को भी बुलाया गया था।
जब पत्रकार वार्ता शुरू हो रही थी तब महापौर परिषद के सदस्य के रूप में निरंजनसिंह चौहान, राजेश उदावत और आश्विन शुक्ला ही मौजूद थे। बाद में अभिषेक शर्मा बबलू, मनीष शर्मा और फिर सबसे अंत में राजेंद्र राठौड़ पहुंचे। इस आयोजन में भाग लेने के लिए विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के महापौर परिषद के दोनों सदस्य राकेश जैन और प्रिया डांगी नहीं पहुंचे।
इन दोनों सदस्यों ने इस आयोजन से दूरी बनाकर रखी। ध्यान रहे की विधानसभा क्षेत्र क्रमांक चार में क्षेत्रीय विधायक मालिनी गौड के यह दोनों सदस्य समर्थक हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में महापौर और विधायक के बीच में शक्ति प्रदर्शन की स्थिति है।
इन दोनों सदस्यों के द्वारा परिषद के पूरे कार्यकाल के दौरान अपने अधिकार नहीं मिलने को लेकर शिकायत की गई है। कुल मिलाकर कल मीडिया से चर्चा में भी भाजपा की गुटबाजी नजर आई।
