सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

देशभर से पहुंचे 26 अधिकारियों ने किया स्वच्छता और शहरी प्रबंधन मॉडल का अध्ययन

इंदौर के स्वच्छता एवं शहरी प्रबंधन मॉडल का अध्ययन करने देशभर से 26 अधिकारी इंदौर पहुंचे थे और तीन दिनों तक उन्होंने इस अध्ययन दौरे में बहुत कुछ जाना। आईएएस अधिकारी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड के सदस्य गुलजार नटराजन के मार्गदर्शन में यह अधिकारियों का दल पहुंचा। तीन दिवसीय दौरे का समापन भी हुआ।

इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के नगरीय निकायों को इंदौर के उत्कृष्ट ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रभावी शहरी प्रशासन मॉडल से अवगत कराना था। इंदौर नगर निगम की विभिन्न स्वच्छता एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजशाही गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, जीरो वेस्ट इंदौर जू, केसरबाग आरआरआर सेंटर, गोवर्धन प्लांट, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी, बायोरेमेडिएशन साइट, स्लज हाइजीनाइजेशन प्लांट, वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग), डिजिटल गवर्नेंस सिस्टम तथा नागरिक सहभागिता जैसे सफल मॉडलों का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा।

इस दौरान निगम अधिकारी प्रखर सिंह, अर्थ जैन ने सभी जानकारियां दल को दी। दल में आए अधिकारी कल्याण सहाय मीणा ने कहा कि इस प्रकार के अध्ययन दौरे विभिन्न शहरों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम हैं, जिससे सफल मॉडलों को अन्य नगरों में अपनाने में सहायता मिलती है। अध्ययन दौरे में शामिल सभी अधिकारियों ने इंदौर के स्वच्छता मॉडल, प्रभावी शहरी प्रबंधन एवं जनभागीदारी की सराहना करते हुए अपने-अपने राज्यों में इस मॉडल को अपनाने की इच्छा व्यक्त की।