सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

भंवरकुआं, फूटी कोठी ब्रिज के नीचे होगा खेल

वर्ल्ड कप चौराहा ब्रिज के नीचे की तरह की जाएगी एक्टिविटी

बड़ी देर कर दी टेंडर बनाने में

नगर निगम द्वारा अब भंवरकुआं और फूटी कोठी ब्रिज के नीचे खेल शुरू करने की तैयारी हो गई है। जिस तरह से प्राधिकरण के द्वारा वर्ल्ड कप चौराहा के नीचे एक्टिविटी का संचालन करवाया गया है अब इस तरह से नगर निगम भी काम करने की तरफ आगे बढ़ा है।

इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा जब भंवरकुआं चौराहा और फूटी कोठी चौराहा पर फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कर यह ब्रिज नगर निगम को सौंपे गए थे उसी समय पर यह योजना तैयार हो गई थी कि इन ब्रिज के नीचे के बोगदे में खेल गतिविधि का संचालन किया जाए। इंदौर नगर निगम के द्वारा कहा गया था कि हमारी जमीन पर यह ब्रिज बने हैं ऐसे में इस तरह की गतिविधि का संचालन करवाना भी हमारा ही काम है। निगम के इस दावे के चलते हुए प्राधिकरण ने अपने कदम पीछे हटा लिए थे।

अब नगर निगम के द्वारा इन दोनों ब्रिज के नीचे खेल गतिविधि का संचालन शुरू करने की पहल की गई है। इस तरह की गतिविधि का संचालन नगर निगम खुद तो कर नहीं सकता है ऐसे में नगर निगम के द्वारा टेंडर के माध्यम से 15 वर्ष के लिए इन दोनों स्थान पर खेल गतिविधि का संचालन करने हेतु प्राइवेट प्लेयर को बुलवाया गया है। निगम के यातायात विभाग के द्वारा इस संबंध में टेंडर जारी कर दिया गया है।

इसमें 31 अगस्त तक टेंडर भरा जा सकेगा। इसके बाद 1 सितंबर को निगम के द्वारा टेंडर खोला जाएगा। उसमें यह तय होगा कि कौन से स्थान पर कौन सी एजेंसी खेल गतिविधि का संचालन करने का काम करेगी। नगर निगम के द्वारा 15 खेल गतिविधि निश्चित की गई है। इन गतिविधियों का ही संचालन इस स्थान पर किया जा सकेगा। उक्त खेल गतिविधि के

को अपने कार्य के स्थल पर वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था करना होगी। इसके साथ ही आग से बचाव के उपकरण भी लगाना होंगे। नगर निगम के द्वारा टेंडर बनाने का काम करने में ही बड़ी देर कर दी गई है। प्राधिकरण तो इन दोनों ब्रिज के नीचे जिस समय इन ब्रिज का लोकार्पण हुआ था उसके तत्काल बाद ही यह गतिविधि शुरू करना चाहता था।

नगर निगम के द्वारा अड़ंगा लगा दिए जाने के कारण इन गतिविधि का संचालन शुरू नहीं हो सका। इसके चलते हुए इन ब्रिज के आसपास के क्षेत्र में निवास करने वाले नागरिकों को यह सुविधा नहीं मिल सकी। कई महीनो तक कोशिश करने के बाद जाकर नगर निगम इस काम के लिए प्रस्ताव तैयार कर पाया है।

खजराना ब्रिज को छोड़ दिया

अभी भी नगर निगम के द्वारा दो ब्रिज के नीचे ही इस तरह की गतिविधि के संचालन की पहल की गई है। इसमें खजराना के फ्लाईओवर ब्रिज को छोड़ दिया गया है। खजराना का ब्रिज भी इन दोनों ब्रिज के साथ ही बना था। वहां पर भी इसी तरह की गतिविधि संचालन करने का प्रस्ताव था। लेकिन उस प्रस्ताव को अभी रोक दिया गया है। अब यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि खजराना के ब्रिज के नीचे इस तरह की गतिविधि के संचालन की दिशा में नगर निगम कब जाकर कदमताल कर पाएगा।