सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

एमपीईबी अधिकारी बनकर बुजुर्ग से 98 हजार से अधिक की साइबर ठगी

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठग ने खुद को बिजली कंपनी का अधिकारी बताकर पीड़ित से फोन पे पर कोड डलवाया और उनके बैंक खाते से करीब 98 हजार 560 रुपये उड़ा लिए।

ठगोरो ने इसके बाद दोबारा भी लिंक भेजकर रुपये ऐंठने की कोशिश की, जो असफल रही। पीड़ित की शिकायत पर कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कैलिफोर्निया सिटी कनाड़िया निवासी 61 वर्षीय फरियादी देवकरण पिता नंदराम मालवीय ने थाने पहुंचकर साइबर प्रॉड की शिकायत दर्ज कराई है।

फरियादी ने बताया कि 30 जुलाई को उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। फोन करने वाले ने खुद को बिजली विभाग एमपीईबी का अधिकारी बताया और कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं है, जिसे तुरंत अपडेट करना होगा। आरोपी ने बिजली काटने का डर दिखाकर पीड़ित को झांसे में लिया और फोन पे ऐप पर एक कोड डालने को कहा।

जैसे ही पीड़ित ने प्रक्रिया पूरी की, उनके इंडियन बैंक खाते से 98 हजार 560 रुपये कटकर ठग की यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर हो गए। खाते से रकम कटने का मैसेज आते ही पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद ठगोरे ने एक फर्जी लिंक भेजकर दोबारा ट्रांजैक्शन कराने का प्रयास भी किया, लेकिन वह असफल रहा।

कनाड़िया थाना पुलिस ने अज्ञात फोन धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।