सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

आज से जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप

इंदौर। जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित रूसी पुनेगर स्मृति इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन आज से 3 अगस्त तक नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में किया जाएगा। स्पर्धाओं में 148 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। प्रतियोगिता में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल एवं मिश्रित युगल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

इंदौर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अनिल भंडारी, सचिव आर. पी. एस. नय्यर ने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले आज दोपहर 1.30 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन समारोह शाम 6.30 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शीर्ष वरीय खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबलों की उम्मीद है।

पुरुष एकल वर्ग में कन्हैया शर्मा को प्रथम तथा युवराज तिवारी को द्वितीय वरीयता प्रदान की गई है। महिला एकल वर्ग में ओजस्वी भोमिया प्रथम तथा गौरी चिट्टे द्वितीय वरीय खिलाड़ी हैं। पुरुष युगल में अनिकेत परदेसी–वत्सल सोमन की जोड़ी शीर्ष वरीय है, जबकि कन्हैया शर्मा–अनिरुद्ध तिवारी की जोड़ी को दूसरी वरीयता मिली है।

महिला युगल में गौरी चिट्टे–स्वाति सोलंकी की जोड़ी प्रथम तथा कनिका जाट–कृति तिवारी की जोड़ी द्वितीय वरीयता प्राप्त है। प्रतियोगिता के प्रायोजक सुमित घोरावत एवं सह-प्रायोजक प्रकाश धाकड़ हैं। दोनों ही रूसी पुनेगर के शिष्य रहे हैं और अपने गुरु की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन एवं सहयोग कर रहे हैं।