डेकाथलॉन में मेडल जीतने वाले तेजस्विन शंकर पहले भारतीय
ग्लासगो। स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के एथलेटिक्स दल ने इतिहास रच दिया है। स्टार एथलीट तेजस्विन शंकर ने मेंस डेकाथलॉन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वे कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में डेकाथलॉन इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। इससे पहले किसी भी भारतीय एथलीट ने यहां तक का सफर नहीं तय किया था।
डेकाथलॉन की 10 कठिन प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण यानी 1500 मीटर की रेस में तेजस्विन ने 4:36.19 मिनट का समय निकालकर अपनी बढ़त बनाए रखी। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ब्रिटेन के सैमी बॉल ने 4:32.29 मिनट का समय निकाला, लेकिन यह समय ओवरऑल पॉइंट्स टेबल में तेजस्विन को पीछे छोड़ने के लिए काफी नहीं था। सभी 10 इवेंट्स के खत्म होने के बाद तेजस्विन शंकर ने कुल 7,976 पॉइंट्स बनाए और तीसरे स्थान पर रहते हुए ऐतिहासिक कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया।
इस कड़े मुकाबले में ग्रेनाडा के दिग्गज एथलीट लिंडन विक्टर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि कनाडा के डेमियन वार्नर को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। तीनों एथलीट का प्रदर्शन कमाल का रहा। सभी 10 खेलों में इन तीनों ने चैंपियन की तरह अपने प्रदर्शन को बनाए रखा और एक दूसरे को कांटे की टक्कर देते रहे।
हाई जंप से डेकाथलॉन की मुश्किल स्पर्धा की ओर रुख करने वाले तेजस्विन का यह पदक भारतीय ट्रैक एंड फील्ड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। खेल फैंस और विशेषज्ञों के अनुसार, इस इवेंट में भारत का पहला पदक आना देश में मल्टी इवेंट एथलेटिक्स के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाएगा। ऐसे खेलों में भारत का हिस्सा काफी कम रहा है।
