सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

ऑल इंडिया आइपीएससी स्क्वॉश स्पर्धा में इंदौर के खिलाड़ियों का उम्दा प्रदर्शन

इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के अविरत न्याती ने मध्य प्रदेश का मान बढ़ाते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी स्क्वॉश स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। देशभर के खिलाड़ियों ने बीच अविरत ने अपने तेजतर्रार खेल से पोडियम तक का सफर तय किया।

इंदौर के ही डेली कॉलेज के सहर्ष शाहरा ने रजत पदक प्राप्त किया। बालक वर्ग में आयोजित स्पर्धा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी चुनौती पेश की। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण विद्यालय के निदेशक सिद्धार्थ सिंह के आतिथ्य में हुआ।

सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के खेल अधिकारी अकरम खान सहित विभिन्न विद्यालयों के कोच, टीम मैनेजर, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में दिल्ली के मॉडर्न स्कूल के अभ्युदय अरोड़ा ने डीपीएस आरकेपुरम के रुद्रांश प्रभाकर को एकतरफा मुकाबले में 11-5, 11-5 और 11-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

तीसरे स्थान के मैच में मेजबान द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के अविरत न्याती ने असम वैली स्कूल के टाबे रिखाम तारह को 11-5, 11-3, 11-4 से शिकस्त दी।