सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

1 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाणगंगा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक तस्कर को धरदबोचा है, जिसके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बाणगंगा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने एचआर ग्रीन के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध आरोपी बल्लू पाल पिता भरत पाल निवासी मुखर्जी नगर को हिरासत में लिया।

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.35 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी बल्लू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। बाणगंगा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह ब्राउन शुगर कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने जा रहा था।