सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

चौड़ी हुई पुलिया पर अब लगने लगी रैलिंग

राऊ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 78 के अंतर्गत ट्रेजर टाउनशिप कॉलोनी से एबी रोड पेट्रोल पंप तक बन रही करीब साढ़े ग्यारह करोड रुपए लागत वाली इस 1100 मीटर लंबी मुख्य सड़क निर्माण में तेजी आने के साथ इस मार्ग में आने वाली पुलिया पहले से दुगनी चौड़ी बनकर तैयार हो गई है। वहीं अब तैयार पुलिया पर रैलिंग लगाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके अलावा बचे हुए हिस्से में पुलिया के आसपास दोनों तरफ नई सीमेंटेड लंबी- चौड़ी सीमेंटेड सड़क बनाने का काम भी तेजी के साथ चल रहा है। उसके बावजूद अभी कई हिस्सों में सड़क निर्माण कार्य बाकी है।

आधा दर्जन कालोनियों और 20 से ज्यादा मल्टियों वालों का इंतजार कब होगा पूरा

इतने समय बाद भी ट्रेजर टाउनशिप सहित इस क्षेत्र की लगभग आधा दर्जन कालोनियों और 20 से ज्यादा मल्टियों और सोसाइटी वालों को अभी तक सीधी सड़क की सौगात नहीं मिल पाई है। जबकि इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग सालभर से भी ज्यादा समय से चल रहा है। लोगो का कहना है कि अब तक तो यह सड़क बनकर तैयार भी हो जाना थी।

यही नहीं 30 से ज्यादा दुकानों के साथ आधा दर्जन बाधक मकान और मल्टियों की बाउंड्रीवाल तोड़ने के साथ हरियाली पर हथौड़े चलाकर करीब 15 से 20 बाधक पेड़ों की भी इस सड़क के निर्माण में भेंट चढ़ गई। उसके बाद भी अभी तक काम बाकी है। इधर क्षेत्रीय पार्षद ओपी आर्य का कहना है बड़ा सड़क प्रोजेक्ट होने से काम में देरी हुई है लेकिन अब कार्य तेजी के साथ चल रहा है।

वर्तमान में 80 फीसदी से ज्यादा मुख्य सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। साथ ही एक पुलिया का चौड़ीकरण कर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं अब जल्द बचे काम पूरे कर अगले एक से डेढ़ माह में काम पूरा कर सड़क की सौगात देने की तैयारी है।