सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

सड़क निर्माण धीमी गति पर एजेंसी को नोटिस

नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कल एमआर-9 लिंक रोड से एल.आई.जी लिंक रोड़ को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण अधिकारी अभय राजनगांवकर, शरद जोशी, नरेन्द्र जायसवाल सहित अन्य के साथ किया। आयुक्त ने कार्य की धीमी गति होने पर निर्माणकर्ता एजेन्सी को टर्मिनेशन करने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पर्याप्त लाइट व्यवस्था नहीं होने पर उपयंत्री विद्युत एवं पेयजल लाईन लीकेज होने पर सहायक यंत्री जलप्रदाय तथा कार्य की धीमी गति पर सहायक यंत्री एवं उपयंत्री योजना को शोकाज नोटिस देने के भी निर्देश दिए।

स्थल पर जलप्रदाय लाइन में लीकेज पाये गये जिसके कारण पानी बह रहा था और क्षेत्र में कीचड़ व गंदगी बनी हुई थी, जिस पर भी निर्देश दिए गए। कुछ चेम्बर खुले पड़े थे और दुर्घटना भी हो सकती है। कार्य के जिम्मेदार अधिकारी विशाल राठौर पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और उन्हें भी अब नोटिस दिया जाएगा। आयुक्त की सख्ती से अधिकारी और एजेंसी के जिम्मेदार हतप्रभ रहे।