यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
पीपल्याहाना ब्रिज के पास भीषण हादसा में दोस्त घायल
तिलक नगर थाना इलाके पीपल्याहाना ब्रिज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति नगर मूसाखेड़ी निवासी राजा पिता भरत (24) अपने दोस्त अमन के साथ बाइक पर सवार होकर पिता के लिए शराब लेने गया था। जब दोनों शराब लेकर वापस लौट रहे थे, तभी पीपल्याहाना ब्रिज के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि राजा को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसका दोस्त अमन हादसे में घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
