फांसी लगाकर की खुदकुशी
पिज्जा डिलीवरी बॉय का किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला शव
इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम नगर कांकड़ में एक युवक द्वारा अज्ञात कारणों के चलते अपने किराए के घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक अपने भाई के साथ रहकर पिज्जा डिलीवरी का काम करता था। देर रात काम से लौटे भाई ने जब दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़कर देखने पर युवक फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मृतक का नाम रजनीश पिता अनिल (22) निवासी श्रीराम नगर कांकड़, मूल निवासी कटनी है। रजनीश इंदौर में अपने भाई शुभम के साथ किराए का मकान लेकर रहता था और एक फूड डिलीवरी कंपनी में पिज्जा डिलीवरी का काम करता था। मृतक के भाई शुभम ने बताया कि दोनों भाई अक्सर साथ में ड्रिंक करते थे।
कल पैसे नही होने की वजह से ड्रिंक नही की। बीती रात करीब 8 बजे शुभम ने रजनीश से घर जाकर खाना खाकर आराम करने को कहा था, जिसके बाद रजनीश कमरे पर चला गया। रात करीब 1 बजे जब शुभम अपना काम निपटाकर घर पहुंचा, तो अंदर से कुंडी लगी हुई थी।
काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो शुभम ने मकान मालिक और आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। आसपास के लोगों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो रजनीश फंदे से लटका हुआ मिला। घबराए परिजन और लोग उसे तुरंत फंदे से उतारकरअस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लसुड़िया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
