बिरयानी लेने की बात पर विवाद,बदमाशों ने युवक के सिर पर मारा पत्थर
इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित बिजलपुर वाइन शॉप के पास बिरयानी खरीदने के दौरान हुए मामूली विवाद में दो बदमाशों द्वारा एक युवक पर पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपियों ने फरियादी के सिर में पत्थर मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, द्वारकापुरी निवासी फरियादी हेमंत पिता ओंकार बकावले ने राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त रणवीर चौधरी के साथ बिरयानी खरीदने के लिए बिजलपुर वाइन शॉप के पास स्थित एक दुकान पर गया था। वहां पहले से ही कुछ अन्य लोग बिरयानी लेने के लिए लाइन में खड़े हुए थे।
बिरयानी लेने की बात को लेकर वहां खड़े मयंक और अजय नामक युवकों ने फरियादी हेमंत और उसके दोस्त रणवीर के साथ बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी। जब फरियादी ने आरोपियों को गाली देने से मना किया, तो आरोपी मयंक उग्र हो गया। मयंक ने सड़क से पत्थर उठाकर हेमंत के सिर पर आगे और पीछे की तरफ कई वार कर दिए।
पत्थर लगने से फरियादी का सिर फट गया और खून बहने लगा। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
