मासूम की पानी की टंकी में डूबकर मौत
कनाडिया पुलिस ने ठेकेदार पर दर्ज किया केस
इंदौर। कनाडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत संपत ग्रीन कॉलोनी में पानी की टंकी में डूबने से हुई चार वर्षीय बालक रुद्र पिता गोलू चौहान की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गत 10 जुलाई की सुबह घटित हुआ था।
घटना के बाद दर्ज किए गए मर्ग की विस्तृत जांच में पुलिस ने पाया कि मकान निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार राजेश पवैया निवासी शिवशक्ति नगर द्वारा गंभीर अनियमितता और लापरवाही बरती गई थी। ठेकेदार की इसी लापरवाही के कारण मासूम बालक पानी की टंकी में गिर गया और डूबने से उसकी अकाल मृत्यु हो गई। कनाडिया पुलिस ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
