सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

दक्षिण भारत यात्रा पैकेज के नाम पर वकील से 1.40 लाख की साइबर ठगी

स्वास्तिक टूर का पम्पलेट देखकर किया था संपर्क, एडवांस राशि जमा कराकर न टिकट दिए, न रुपये लौटाए

इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा ऑनलाइन ट्रैवल पैकेज के नाम पर एक वकील को चूना लगाने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने धार्मिक यात्रा का सस्ता टूर पैकेज देने का झांसा देकर पीड़ित से 1 लाख 40 हजार रुपये ऐंठ लिए और इसके बाद न तो हवाई व ट्रेन टिकट भेजे और न ही जमा रकम वापस लौटाई। एमजी रोड थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की यह वारदात फरियादी राकेश लाड के साथ घटित हुई, जो पेशे से वकील हैं। पीड़ित राकेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हाल ही में स्वास्तिक टूर के नाम से यात्रा पैकेज का एक पम्पलेट देखा था, जिस पर संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर दर्ज था। जब उन्होंने उस नंबर पर संपर्क किया, तो प्रवीण घोडके नामक व्यक्ति ने उनके व्हाट्सएप पर दक्षिण भारत यात्रा का टूर पैकेज भेजा।

इसके बाद फरियादी ने जब वाराणसी, अयोध्या, रामेश्वरम सहित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए अलग प्लान मांगा, तो आरोपी ने 16 जुलाई को चार लोगों के लिए कुल 2 लाख 34 हजार रुपये का टूर पैकेज प्लान भेजा। आरोपी ने शर्त रखी कि यात्रा कन्फर्म करने के लिए 60 प्रतिशत एडवांस राशि तुरंत जमा करनी होगी और इसके लिए एक क्यूआर कोड व्हाट्सएप पर भेज दिया। झांसे में आकर फरियादी ने दो अलग-अलग बार में कुल 1 लाख 40 हजार रुपये उस क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दिए।

रुपये ट्रांसफर होते ही आरोपी ने 24 घंटे के भीतर सभी कन्फर्म टिकट भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी टिकट नहीं भेजे। जब पीड़ित ने दबाव बनाया, तो आरोपी बहानेबाजी करने लगा। धोखाधड़ी का अहसास होने पर फरियादी ने तत्काल शिकायत दर्ज कराई। एमजी रोड पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।