एमजी रोड पर पान शॉप में ताले तोड़कर डेढ़ लाख की सिगरेट व नकदी चोरी
इंदौर। सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एमजी रोड पर बेखौफ बदमाशों द्वारा करणावत पान की दुकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने दुकान के दोनों ताले चटकाकर अंदर रखे करीब 1.5लाख रुपये मूल्य के महंगे सिगरेट के कार्टन और गल्ले में रखी नकदी पार कर दी।
बदमाश चोरी का सुराग मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगा डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गए। फरियादी की शिकायत पर सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलतः उदयपुर (राजस्थान) निवासी और हाल मुकाम श्रीनिवास सोसाइटी साउथ तुकोगंज, इंदौर के रहने वाले फरियादी केशर सिंह पिता लक्ष्मण सिंह चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह एमजी रोड स्थित करणावत पान शॉप में कामकाज संभालते हैं। जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान के मुख्य दरवाजे के दोनों ताले टूटे हुए मिले।
दुकान के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि अंदर रखे आईटीसी और मार्लबोरो कंपनी के 50 कार्टन सिगरेट कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये और दराज में रखे 5 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके साथ ही चोरों ने पुलिस से बचने के लिए दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया। सेंट्रल कोतवाली थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आसपास की दुकानों व मुख्य मार्ग पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
