सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

युवक से मारपीट कर कार में की तोड़फोड़

इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर चार युवकों द्वारा एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों ने फरियादी की कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर आजाद नगर थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विराट नगर मूसाखेड़ी निवासी फरियादी आकाश पिता गणेश प्रजापति ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी अतुल पटेल निवासी अभिषेक नगर, रितिक यादव निवासी श्रीकृष्ण नगर, शनि पटेल निवासी श्रीकृष्ण नगर और अशोक पटेल निवासी अभिषेक नगर ने उन्हें घेर लिया और अकारण गाली-गलौज करने लगे।

जब फरियादी आकाश ने गाली देने से मना किया, तो चारों आरोपी उग्र हो गए और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने फरियादी की कार में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात के बाद चारों आरोपी पुलिस में शिकायत करने पर फरियादी को जान से खत्म करने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।