सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बुक ब्रांड कॉलोनी में अब शुरू होगा शिव मंदिर वाले बगीचे का जीर्णोद्धार

बुक ब्रांड कॉलोनी में नमक गोदाम के पीछे स्थित शिव मंदिर वाले सालों पुराने बगीचे के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण करने की बारी आई है। जिसके अंतर्गत अब अगले माह की शुरुआत में बेहद जल्द यहां 31 लाख रुपए से ज्यादा खर्चकर क्षेत्र के रहवासियों के लिए बगीचे में नवीनीकरण और सौंदर्य करण के कार्य शुरू कर लोगों के लिए सुविधाएं जुटाई जाएगी।

पुराने बगीचे में नवीनीकरण के बाद मिलेगी कई सुविधाएं

जिसके अंतर्गत शिव मंदिर वाले इस पुराने बगीचे में लोगों के लिए शानदार बैठक व्यवस्था और सुबह-शाम घूमने के लिए वाकिंग ट्रेक का निर्माण किया जाएगा। सीनियर सिटीजन और पार्क में आने वाली महिलाओं के लिए छत वाले आधुनिक झूले लगवाए जाएंगे ताकि लोग बारिश और गर्मी में भी झूले का उपयोग आराम से कर सकें। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले चकरी और फिसल पट्टी भी लगाई जाएगी।

सुबह-शाम स्वस्थ रहने के लिए योग और व्यायाम करने वालों के लिए कसरत और जिम के आधुनिक उपकरण भी लगवाने की प्लानिग है। इसके अलावा पार्क में रोशनी के लिए नई आकर्षक लाइटिंग भी लगाई जाएगी। साथ ही हरियाली और खूबसूरती के लिए रहवासियों के सहयोग से पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे। जिससे हरियाली और ख़बसूरती दोनों की सुविधा आमजन को मिलेगी।