सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

दतिया प्रचार से लौटेंगे आज नेता

इंदौर के कई नेता प्रचार में जुटे रहे, सांवेर विधानसभा से मंत्री और हारी उम्मीदवार वहां भी आमने-सामने दिखाई दिए

दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों की प्रतिष्ठा जीत के लिए लगी हुई है और दोनों ही दलों के नेता व कार्यकर्ता दतिया प्रचार के लिए गए थे। मंत्री तुलसी सिलावट जहां अपने दायित्व को वहां निभा रहे हैं और कई वादे कर रहे हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी लगातार भाजपा पर आरोप प्रत्यारोप दनदना लगा रहे हैं।

सांवेर विधानसभा से जुड़े सिलावट घोषणाएं कर रहे हैं तो उनका उत्तर सांवेर से चुनाव हारी रीना बौरासी भी दे रही है, बौरासी ने यहां तक कहा कि सिलावट ने इंदौर में ही काम नहीं किया तो दतिया में क्या काम कराएंगे। टिकिट की उम्मीद में सावन सोनकर, कांग्रेस के कपिल सोनकर और अन्य दावेदार भी दतिया चुनाव प्रचार में पहुंचे हैं। कई युवा भाजपा और कांग्रेस के भी प्रचार में पहुंचे हैं और आज शाम प्रचार का काम बंद होगा और नेता कार्यकर्ता वापस इंदौर लौटेंगे।

इंदौर के अलावा प्रदेश भर के नेता भी प्रचार बंद होने के पहले ही दतिया से निकलेंगे। उल्लेखनीय है कि दोनों ही पार्टी ने 40-40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। हालांकि दोनों ही पार्टियों के इतने प्रचारक दतिया नहीं पहुंचे।

कांग्रेस से कई वरिष्ठ नेता और भाजपा से सत्ताधारी नेताओं ने दतिया उपचुनाव से दूरी बनाई है। दोनों ही दलों में गुटबाजी की शिकायतों के आरोप भी लगे हैं।