देर रात हॉस्टल चलने की बात पर विवाद, शराबी पति ने पत्नी का सिर फोड़ा
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करते हुए उसके सिर पर स्टील का टिफिन मारकर घायल कर दिया गया। देर रात हॉस्टल जाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की शिकायत पर जूनी इंदौर थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सिंधु नगर जूनी इंदौर निवासी फरियादिया कंचन केसवानी ने थाने पहुंचकर अपने पति सुनील केसवानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि बीती रात करीब 3 बजेे उसका पति सुनील शराब के नशे में घर आया और उससे कहने लगा कि उसने जो हॉस्टल किराये पर ले रखा है, वहां अभी उसके साथ चले।
पीड़िता ने जब रात ज्यादा होने का हवाला देते हुए सुबह हॉस्टल चलने की बात कही, तो आरोपी पति गाली-गलौज करने लगा। जब फरियादिया ने अकारण गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी सुनील केसवानी आक्रोशित हो गया और उसने घर में रखा स्टील का टिफिन उठाकर पत्नी के सिर पर दे मारा। टिफिन का तेज वार लगने से पीड़िता के सिर में चोंट आई और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती बताई।
