मकान में घुसकर सोने के जेवर व नकदी ले उड़े चोर
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के बीके सिंधी कॉलोनी में बेखौफ अज्ञात बदमाश द्वारा एक मकान में घुसकर सोने के कीमती आभूषण और नकदी चोरी करने की वारदात सामने आई है। फरियादी की शिकायत पर जूनी इंदौर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीके सिंधी कॉलोनी निवासी फरियादी दिव्या केवलरामनी के मकान को अज्ञात चोर ने निशाना बनाया। फरियादी के घर से अनुपस्थित रहने के दौरान अज्ञात बदमाश ने मौका पाकर घर के भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर सहित नकदी बटोर ले गया। चोरी गए सामान में दो सोने की चेन, एक सोने का लॉकेट, तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के टॉप्स और अलमारी में रखी नकदी राशि शामिल है।
घटना का पता चलने पर पीड़ित परिजनों ने तुरंत जूनी इंदौर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर पुलिस चोर की तलाश कर रही है।
