ताई को 7 साल बाद याद आई विमानतल विस्तार की
सालोंसाल तक इंदौर की सांसद रहने के साथ केन्द्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष तक रही पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन को अपने संसदीयकाल समाप्त होने के 7 साल बाद इंदौर विमानतल के विस्तार की याद आई और उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा। पहले तो उन्होंने पत्र में उज्जैन में अन्तर्राष्ट्रीय हराई अड्डा बनने पर बधाई दी और यह भी लिखा कि उज्जैन का सर्वांगीण विकास आवश्यक है और वहां का विकास हो रहा है यह अच्छी बात है। उज्जैन की भूमिका के बाद ताई ने मुख्यमंत्री को पत्र में लिखा कि इंदौर आर्थिक, औद्योगिक राजधानी है, आप हमारे प्रभारी मंत्री है, हमने सालोसाल मेहनत करके इंदौर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किया।
मेरे संसदीय कार्यकाल में मैंने इसके विस्तार व उन्नयन के लिए काफी प्रयास किया जिस के फलस्वरूप एटीएस टॉवर, नया टर्मिनल भवन निर्मित हुआ। पश्चात्त मेरे अनुरोध पर एक अतिरिक्त रनवे, टैक्सी पथ व पार्किंग की योजना विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा बनाई गई व राज्य शासन से आवश्यक जमीन की मांग की गई है। पार्किंग के लिए 2019 में ही जमीन की स्वीकृति दी गई परंतु रनवे विस्तार, समानांतर रनवे टैक्सी पथ के लिए आवश्यक सर्वे होने के उपरांत भी अभी शासन की ओर से आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
भविष्य की दृष्टि से इंदौर और उसके पास बढ़ रही औद्योगिक परियोजनाओं तथा बढ़ते यातायात के लिए एयरपोर्ट का विकास शीघ्र किए जाने की आवश्यकता है। ताई ने मुख्यमंत्री से पत्र के माध्यम से अनुरोध किया कि विमानतल विस्तार के लिए आवश्यक भूमि शीघ्र अति शीघ्र विमान पत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जावे ताकि विस्तार कार्य जल्द पूर्ण हो सके।
