आज मुराई मोहल्ला में खतरनाक मकान पर निगम की कार्रवाई
मकान खाली करने में लग गया समय
नगर निगम के द्वारा आज मुराई मोहल्ला में खतरनाक मकान को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इस मकान को तोड़ने से पहले निगम की टीम के द्वारा मकान में रहने वाले लोगों का सामान निकाल कर बाहर किया गया, जिसमें समय लग गया।
इन दिनों तो हर दिन ही नगर निगम के द्वारा खतरनाक मकान तोड़ने के कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। अलग-अलग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आज नगर निगम की रिमूवल गैंग जेसीबी और पोकलेन मशीन लेकर छावनी क्षेत्र में स्थित मुरई मोहल्ला में पहुंच गई। इस क्षेत्र में रूप किशोर जोशी और अन्य के मकान को नगर निगम के द्वारा तोड़फोड़ के लिए नोटिस दिया गया था।
मकान मालिकों के द्वारा नगर निगम के नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनके द्वारा मकान के खतरनाक हिस्से को तोड़ने का कार्य नहीं किया गया। ऐसी स्थिति में इंदौर नगर निगम की रिमूवल गैंग आज सुबह अपनी टीम के साथ इस मकान पर पहुंच गई।
जब यह गैंग इस मकान पर पहुंची तो यह हकीकत उजागर हुई की इस मकान में दो परिवार निवास कर रहे हैं। इसके बाद गैंग के कर्मचारियों के द्वारा इन दोनों परिवार का सामान मकान में से निकाला गया। इस सामान को मकान के सामने की तरफ ले जाकर रख दिया गया।
इसके बाद फिर निगम की टीम के द्वारा मकान को तोड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
