सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

किराये के पैसे मांगने पर किरायेदारों ने मकान मालिक को पीटा, सिर फोड़ा

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बांक इलाके में किराये के पैसे मांगने जैसी जायज बात पर दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही मकान मालिक पर हमला कर दिया। विवाद के दौरान एक आरोपी ने मकान मालिक के सिर पर भारी पत्थर दे मारा, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार फरियादी शाहरुख पिता कुदरत पटेल निवासी ग्राम बांक ने थाने पहुंचकर आरोपी शाहरुख उर्फ बल्ला पटेल और उसके भाई फारूख पटेल दोनों निवासी राजकुमार नगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी शाहरुख ने पुलिस को बताया कि आरोपी शाहरुख उर्फ बल्ला उसके मकान में किराये से रहता है।

घटना के वक्त वह अपने मकान पर किराये के बकाया पैसे लेने के लिए गया हुआ था। वहाँ किराये के पैसे की बात करते ही किरायेदार शाहरुख उर्फ बल्ला और उसका भाई फारूख अचानक भड़क गए और मकान मालिक को गालियां देने लगे। जब फरियादी ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों भाई हाथापाई पर उतारू हो गए।

आरोपी फारूख ने उसे पकड़कर हाथ-थप्पड़ों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी शाहरुख उर्फ बल्ला ने पास ही पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और सीधे मकान मालिक के सिर पर दे मारा। पत्थर का वार लगते ही शाहरुख का सिर फट गया और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।