सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

कांग्रेस की यात्रा से फैली गंदगी, महापौर ने दिए चालान के निर्देश

मंच से तोप द्वारा फैलाई गई तिरंगी पन्नियां और फूल, रास्ते में भी जगह- जगह हुआ फूलों से स्वागत

आज इंदौर से भोपाल तक के लिए दो दिवसीय साइकल यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में रीगल तिराहा से रवाना हुई। रैली रवाना होने के पूर्व नेताओं के उद्बोधन भी हुए और उसके पहले तोप मशीन से तिरंगी पन्नियां और फूल बरसाए गए। आज सुबह हवाएं भी चल रही थी, जिससे यह पन्नियां दूर तक फैलती चली गई।

गांधी प्रतिमा के समीप रीगल तिराहा पर चारों तरफ रोड पर पन्नियों का कचरा नजर आया और उसके बाद यह कचरे का चित्र सोशल मीडिया तक पहुंचा तो भाजपाइयों ने इसे सोशल मीडिया की सुर्खियां बनाया, जिसे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी देखा और बाद में महापौर भार्गव ने बयान जारी कर कहा कि मैंने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि कांग्रेस द्वारा फैलाई गई गंदगी पर चालान बनाया जाए। उल्लेखनीय है कि रीगल तिराहा के बाद यह रैली राजानी भवन से होते हुए लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल, भमोरी से एबी रोड होती हुई निकली।

रास्ते में जगह-जगह फूलों से कांग्रेसियों का स्वागत हुआ और जगह-जगह फूलों की गंदगी रोड पर पड़ी रही। इन सभी के चित्र वायरल हुए, उसी के बाद अब निगम अधिकारी कितने रुपये की चालानी कांग्रेसी पर करती है यह थोड़ी देर बाद पता पड़ेगा अभी तो महापौर के निर्देश पर निगम कांग्रेस पर चालानी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है, इस दौरान निगम ने रैली के जाते ही रीगल तिराहा और रैली मार्ग पर पोस्टर हटाना भी शुरू कर दिए थे और रीगल तिराहा की गंदगी को भी तत्काल समेट दिया था।