सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

एमवाय अस्पताल की चौथी मंजिल से मरीज लापता

इंदौर। एमवाय अस्पताल के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करने वाली एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित वार्ड नंबर 23 में भर्ती एक मरीज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मरीज के परिजन जब कुछ देर के लिए दवाई लेने बाहर गए और वापस लौटे, तो उसका बेड खाली पड़ा मिला।

अस्पताल परिसर और आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी मरीज का कोई सुराग नहीं लगा। संयोगितागंज पुलिस के अनुसार, घटना एमवाय अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थित वार्ड नंबर 23 की है। फरियादी सावन पिता विजय सोलंकी, निवासी ग्राम धुलसर, जिला धार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके बड़े भाई अमन सोलंकी (30) की तबीयत खराब होने पर वे और उनका चचेरा भाई विष्णु उन्हें इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लेकर आए थे।

डॉक्टरों ने अमन की हालत को देखते हुए उन्हें वार्ड नंबर 23 में भर्ती कर लिया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। फरियादी सावन के मुताबिक, बीती शाम करीब 5:00 बजे वे और उनका भाई विष्णु डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाइयां लेने के लिए अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर गए थे।

कुछ देर बाद जब दोनों भाई दवाइयां लेकर वापस वार्ड में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। बेड पर भर्ती अमन सोलंकी वहां मौजूद नहीं थे। परिजनों ने तुरंत वार्ड के स्टाफ, नर्सों और अन्य मरीजों से पूछताछ की तथा अस्पताल की अलग-अलग मंजिलों, परिसर व आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन अमन का कहीं कोई पता नहीं चला। मरीज के अचानक इस तरह गायब हो जाने से परेशान परिजनों ने तुरंत संयोगितागंज थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी।