सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

सत्यसांई फ्लाईओवर निर्माण के दौरान विवाद, ठेकेदार ने मजदूर को सरिये से पीटा

विजय नगर थाना क्षेत्र के सत्यसाईं चौराहा पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के काम के दौरान ठेकेदार द्वारा एक मजदूर पर लोहे के सरिये से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। केबल हटाने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में ठेकेदार ने आपा खो दिया और मजदूर के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने ठेकेदार व उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विजय नगर पुलिस के अनुसार, घटना सत्यसांई चौराहा स्थित निर्माणाधीन पुल की है। फरियादी बबलू सिंह पिता महिलाल सिंह, मूल निवासी ग्राम डेरीपुरा, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी सत्यसांई चौराहा, इंदौर ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। फरियादी ने बताया कि वह अपने पिता महिलाल सिंह तथा साथी मजदूरों अभिषेक कुमार और महाकाल के साथ पुल के निर्माण कार्य के तहत सरिये बांधने का काम कर रहा था।

इसी दौरान सरिये के ऊपर से गुजर रही बिजली की केबल को काम में रुकावट बनते देख बबलू उसे साइड में करने लगा। इसी बात पर वहां मौजूद ठेकेदार अनिल अचानक उग्र हो गया और केबल हटाने को लेकर मजदूर बबलू के साथ गाली गलौच करने लगा। जब पीड़ित मजदूर बबलू ने ठेकेदार अनिल को अकारण गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ठेकेदार आपा खो बैठा।

आरोपी ने पास में पड़ी लोहे की एक भारी सरिया उठाई और फरियादी पर हमला कर दिया। इस हमले में बबलू के दोनों हाथों, पीठ, दोनों पैरों और दाहिने कंधे पर गंभीर चोटें आईं और वह दर्द से तड़पने लगा। साथी मजदूरों ने बीच-बचाव कर फरियादी को आरोपी के चंगुल से बचाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पीड़ित ने विजय नगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।