ऑल इंडिया आइपीएससी बैडमिंटन स्पर्धा में इंदौर को एक रजत, दो कांस्य
इंदौर। मध्य प्रदेश का मान बढ़ाते हुए मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया आइपीएससी स्पर्धा में पदकीय सफलता हासिल की। मेजबान टीम को अंडर-14 वर्ग में उपविजेता रही। वहीं अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
व्यक्तिगत स्पर्धा के विभिन्न वर्गों में जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की कियारा गोयल, जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल की जान्या राव तथा दिल्ली के मॉडर्न स्कूल की प्रसिद्धि गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीते। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में खेली गई स्पर्धा में देश के विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सेदारी की। इस दौरान 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने कोर्ट पर अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।
सभी विजेताओं को स्कूल की निदेशक हर्षिता सिंह ने पुरस्कृत किया। इस दौरान स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान सहित प्रतियोगिता से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में कियारा गोयल ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मोहली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल की अर्नाज कौर को 1- 15, 15-4, 15-10 से पराजित किया। टीम वर्ग के फाइनल में जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही। विजेता टीम में कियारा गोयल, खुशी राठी और विहा जैन शामिल थीं।
मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की टीम उपविजेता रही। मोहाली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल की टीम को कांस्य पदक मिला। अंडर-17 वर्ग के फाइनल में फाइनल में जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल की जान्या राव ने जयपुर की ही अस्मिता चौधरी को
से हराया। टीम स्पर्धा में जयपुर का महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल प्रथम, डीपीएस आरके पुरम द्वितीय और मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
