सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

आज फिर चलेगा फायर सेफ्टी के उपकरण के लिए बिल्डिंग सील करने का अभियान

निगम के सभी जोनल कार्यालय के अधिकारियों को दिया निर्देश

नगर निगम के द्वारा आज एक बार फिर फायर सेफ्टी के उपकरण के लिए बिल्डिंग और दुकान सील करने का अभियान चलाया जाएगा। निगम के सभी जोनल कार्यालय के अधिकारियों को इस बारे में निर्देश जारी किया गया है।

नगर निगम के द्वारा कल बुधवार को पलासिया चौराहे के पास में स्थित अपोलो टावर को सील करने की कार्रवाई करके हड़कंप मचा दिया था। इस टावर में 600 से ज्यादा दुकान हैं। इन सभी दुकान के ताले पर नगर निगम के द्वारा अपनी सील लगा दी गई।

इस मार्केट में स्थित दुकानों में बड़ी संख्या में रेडीमेड गारमेंट की दुकानें हैं। यह हकीकत है कि इस इमारत में आग से बचाव के कोई उपकरण नहीं है। इसके साथ ही इमारत के एम ओ एस में दो पहिया गाड़ियों की पार्किंग होती है। ऐसे में यदि कभी आग लगने जैसी घटना हो भी जाए तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने और आग बुझाने के प्रयास करने में बाधा पैदा हो जाएगी।

इन स्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही नगर निगम के द्वारा कल इस बिल्डिंग को सील करने की कार्रवाई की गई है। अब आज भी नगर निगम के द्वारा दोपहर के समय पर सारे शहर में उन सभी इमारतों पर कार्रवाई की जाएगी जिनमें की आग से बचाव के उपकरण नहीं है। इस बारे में आज सुबह नगर निगम के मुख्यालय से सभी जोनल कार्यालय को निर्देश जारी कर दिया गया है।

इन सभी कार्यालय के भवन अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि पहले वह बता दें कि कहां-कहां कार्रवाई करने जा रहे हैं। उसके बाद फिर जाकर कार्रवाई करें। सूत्रों का कहना है कि नगर निगम के द्वारा यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि कार्रवाई करने के नाम पर मौके पर जाकर खेल नहीं किया जा सके।

यही कारण है कि कार्रवाई करने जाने से पहले आपको सूचना देना होगी और फिर आप जाएंगे ताकि यदि कार्रवाई नहीं की तो उसका जवाब भी देना पड़ेगा। इस तरह से नगर निगम के द्वारा अपने स्टाफ की नाक में नकेल कसी जा रही है।