घर लौट रहे युवक पर गंडासे से हमला पिता-पुत्र ने किया जानलेवा वार
खुड़ैल थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव सामने आया है। रात के समय टिफिन लेकर अपने घर लौट रहे एक युवक को रोककर पिता-पुत्र ने जमकर पीटा और गंडासे से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का सिर फटने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुड़ैल थाना पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, वारदात ग्राम बिहाड़िया स्थित स्कूल के सामने किराना दुकान के पास देर रात करीब 9 बजे घटित हुई। शिवधाम कॉलोनी निवासी फरियादी युवक रात में टिफिन लेकर अपने घर पैदल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी सोनू पंवार और उसका पिता जगदीश पंवार दोनों निवासी खुड़ैल क्षेत्र उसे मिले।
फरियादी ने बताया कि आरोपी उसके घर से काफी दूर रहते हैं और वह उन्हें सिर्फ नाम से ही पहचानता था, लेकिन देखते ही दोनों आरोपियों ने बेवजह गालियां देना शुरू कर दिया। ? जब पीड़ित युवक ने गाली- गलौज करने का कड़ा विरोध किया, तो पिता-पुत्र ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी।
विवाद के दौरान आरोपियों ने उस पर धारदार गंडासे से हमला कर दिया। गंडासे का सीधा वार युवक के सिर पर लगा, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर जैसे ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर इकट्ठा होने लगे, दोनों आरोपी वहां से भाग निकले।
भागते-भागते आरोपियों ने युवक को धमकी दी कि आज तो बच गया, आइंदा सामने आया तो जान से खत्म कर देंगे।
