पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी बालिका बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत के साथ अपना अभियान आगे बढ़ाया। इस टूर्नामेंट में दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही
पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में टीम मुकाबले खेले गए। देशभर के प्रतिष्ठित विद्यालयों से पहुंचीं बालिका खिलाड़ियों ने कोर्ट पर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी- अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए जोरदार संघर्ष किया।
स्पर्धा का औपचारिक उद्घाटन स्कूल के संचालक मुक्तेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान खेल अधिकारी अकरम खान, मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के शशिकांत खरे सहित बैडमिंटन स्पर्धा के रेफरी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग के पूल-बी में मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने हिमाचल प्रदेश के द लॉरेंस स्कूल को 2-0 से पराजित किया। एमरल्ड हाइट्स स्कूल की ओर से तान्या अग्रवाल एवं काव्या जैन ने जोरदार खेल दिखाया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने तमिलनाडु के द लॉरेंस स्कूल को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। हरियाणा के मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स की टीम ने इंदौर के डेली कॉलेज को 2-0 से पराजित किया। दिल्ली के डीपीएस की टीम ने हिमाचल प्रदेश के द लॉरेंस स्कूल, सनावर की टीम को 2-0 से हराया। दिन के एक अन्य मैच में रायपुर के राजकुमार कॉलेज की खिलाड़ियों ने जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की टीम को 2-0 से शिकस्त दी।
अंडर-19 बालिका वर्ग में इंदौर के डेली कॉलेज ने बेहद रोमांचक मैच में देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल की टीम को 2-1 से पराजित किया। रायपुर के राजकुमार कॉलेज ने आसानी के साथ हरियाणा के मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स के दल को 2-0 से हराकर अपनी स्थिति मजबूत की। दिल्ली के मॉडर्न स्कूल की खिलाड़ियों ने हिसार के विद्या देवी जिंदल स्कूल की टीम को 2-0 से पराजित किया।
