ट्रैकिंग पर निकले कजीन भाई-बहन की लोधिया कुण्ड में डूबने से मौत
सिमरोल थाना क्षेत्र के प्राकृतिक स्थल लोधिया कुण्ड में कल दोपहर गहरे पानी में डूबने से कजीन भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों इन्दौर से चार दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर निकले थे। इसी दौरान वे लोधिया कुण्ड तक पहुंच गए जहां पैर फिसलने से हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार अजीतसिंह पिता भूपेन्द्र चौहान निवासी गौरीनगर और उनकी कजीन बहन अंजलि पिता देवीसिंह चौैहान निवासी वीणा नगर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों गहरे पानी में उतर गए थे जिसके कारण साथी उन्हें बचा नहीं पाए। घटना की जानकारी साथियों ने ग्रामीणों को दी।
ग्रामीणों ने आकर उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन जब उन्हें बाहर निकाला तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी। सिमरोल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ लोगों का कहना है कि सभी लोग पानी में नहा रहे थे, वहीं कुछ कह रहे थे कि पैर फिसलने से हादसा हुआ है।
