सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

मंदिर के दीपक फेंकने से रोकने पर पिता-पुत्री को पीटा

इंदौर। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर चौराहा स्थित शिव मंदिर पर धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन करने से रोकने पर मारपीट की घटना सामने आई है। मंदिर में जलाए गए दीपक फेंक रहे आरोपी को जब एक व्यक्ति ने मना किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की।

इस दौरान जब पीड़ित की बेटी बीच- बचाव करने पहुंची, तो आरोपी ने उसे भी जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह फर्श पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी मनीष उर्फ मनोज पिता रामप्रसाद पाल निवासी आदर्श बिजासन नगर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

फरियादी ने बताया कि वह सुभाष नगर चौराहे के पास स्थित शिव मंदिर में मौजूद था। इसी दौरान क्षेत्र में ही रहने वाला आरोपी शुभम पिता प्रकाश चौकसे मंदिर में रखे जलते हुए दीपक उठाकर बाहर फेंकने लगा। जब मनीष ने आरोपी शुभम को दीपक फेंकने से रोका और ऐसा न करने की समझाइश दी, तो आरोपी भड़क गया और गालियां देने लगा।

फरियादी ने जब गाली-गलौज का विरोध किया, तो शुभम ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। वहीं पास में खड़ी फरियादी की बेटी सेजल जब अपने पिता को बचवाने और विवाद शांत कराने बीच में आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी झूमाझपटी करते हुए उसे जोर से धक्का मार दिया। धक्के के कारण सेजल अनियंत्रित होकर पक्के फर्श पर नीचे गिर गई, जिससे उसके सिर में गहरी चोट लग गई और खून बहने लगा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित पिता अपनी घायल बेटी को लेकर परदेशीपुरा थाने पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी।