सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बेकाबू बुलेट सवारों का उत्पात.. टक्कर मारने के बाद बाइक सवार दोस्तों को पीटा

एमआईजी थाना क्षेत्र में नेहरू नगर रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले मनचलों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। एक ही बुलेट पर सवार होकर आ रहे तीन युवकों ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जब पीड़ित युवकों ने दुर्घटना का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बुलेट के नंबर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी अंकित पिता आशाराम रजक निवासी एलआईजी कॉलोनी, इंदौर ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह अपने दोस्त उमेश शर्मा के साथ हाई कोर्ट की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वे नेहरू नगर रोड पर बैरवा समाज धर्मशाला के पास पहुंचे, सामने से बुलेट क्रमांक एमपी 09 झेडके 7383 पर सवार तीन युवक तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आए और उनकी मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंकित और उसका दोस्त उमेश सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी बाइक का अगला मास्क टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद जब पीड़ितों ने बुलेट चालक और उसके साथियों को ध्यान से गाड़ी चलाने की हिदायत दी और गाली देने से मना किया, तो तीनों आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने गालियां देते हुए अंकित के साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट करना शुरू कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।