सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

साउथ अप्रीका दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का ऐलान

मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया की टीम को अक्टूबर में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अप्रीका का दौरा करना है। 9 अक्टूबर को दौरे का पहला टेस्ट मैच शुरू होगा। इस दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का ऐलान हो गया है। प्रमुख बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

लाबुशेन लंबे समय से टेस्ट में रन नहीं बना रहे हैं। माना जा रहा था कि उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में लाबुशेन का बल्ला पूरी तरह फेल रहा था। उन्होंने तीन पारियों में 1, 31 और 4 रन बनाए थे।

पिछली 20 टेस्ट पारियों में लाबुशेन के बल्ले से सिर्फ एक ही फिफ्टी निकली है। उनका बैटिंग औसत 55 से गिरकर 44 पर आ गया है। हालांकि सलामी बल्लेबाज जैक वेदराल्ड को जगह नहीं मिली है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उनकी जगह मैट रेनशॉ ने ओपनिंग की थी।

6 टेस्ट के बाद वेदराल्ड का औसत 20 का है। श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर कूपर कोनॉली को टीम में जगह मिली है। कोनॉली ने अभी तक सिर्फ एक ही टेस्ट खेला है। इसके साथ ही बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुहनेमैन भी चुने गए हैं। 5 मैचों के अपने टेस्ट करियर में कुहनेमैन के नाम 25 विकेट हैं।

साउथ अप्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनॉली, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।