सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

बंगाली की दूसरी ओर होगा एक और बगीचा तैयार

ग्रीन बेल्ट के बड़े हिस्से में डेढ़ करोड़ खर्चकर 500 मीटर में होगा विकास

न.प्र.)। विधानसभा पांच के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 41 से जुड़े बंगाली चौराहे की सर्विस रोड से लेकर सपना सेंडविच के सामने तक के लगभग 500 मीटर हिस्से में सालों से उजाड़ ग्रीन बेल्ट को संवारकर एक और नए बगीचे का विकास होगा। जिसको लेकर निगम उद्यान विभाग की तैयारी भी शुरू हो गई है।

विधायक महेंद्र हार्डिया ने बताया जिस तरह वार्ड 49 के अंतर्गत शकुंतला हॉस्पिटल के सामने वाले बगीचे में निगम के प्रयास से लाखों रुपए खर्चकर क्षेत्र के रहवासियों की सुविधा के लिए आकर्षक बगीचा बनाया गया है उसी तर्ज पर निगम के प्रयासों से आने वाले दिनों में बंगाली चौराहे की दूसरी ओर महादेव तोतला नगर की सर्विस रोड पर चौराहे से करीब 500 मीटर के हिस्से में सपना सेंडविच के सामने तक के हिस्से में सालों से उजाड़ पड़े ग्रीन बेल्ट में करीब डेढ़ करोड़ के आसपास खर्च कर आकर्षक बगीचे का निर्माण किया जाएगा।

खास बात यह है कि डेढ़ करोड़ की लागत से ग्रीन बेल्ट में बनने वाले नए बगीचे में क्षेत्र के आसपास की कॉलोनियों के बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग यानी सीनियर सिटीजन की जरूरत और मनोरंजन का भी ध्यान रखा जाएगा। जिसके तहत इस तरह से प्लानिंग की जा रही है कि यहां शकुंतला हॉस्पिटल के सामने बने बगीचे की तर्ज पर संपूर्ण ग्रीन बेल्ट के बगीचे में हरियाली के साथ लंबा-चौड़ा वाकिंग ट्रेक बनाया जाएगा। यही नहीं लोगों के लिए शानदार बैठक व्यवस्था भी की जाएगी।

बच्चों के मनोरंजन के लिए खेलकूद के सामान रखें जाएंगे। साथ ही सीनियर सिटीजन और महिलाओं के लिए छत वाले झूले भी लगाए जाएंगे। रोशनी के लिए 25 से ज्यादा डिजाइनर पोल पर आकर्षक लाइटिंग भी लगाई जाएगी। लोगों की सेहत के लिए विधायक हार्डिया के सहयोग से जिम के आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे।

जहां सुबह - शाम लोग आकर कसरत और व्यायाम भी कर सकेंगे। साथ ही अपने शरीर को भी स्वस्थ रख पाएंगे। इसके अलावा ताजी हवा और हरियाली का आनंद भी ले पाएंगे। इसको लेकर पिछले दिनों भूमि पूजन भी हो चुका है वही अब कहा जा रहा है कि बेहद जल्द यहां निर्माण कार्य और बगीचे का विकास कार्य शुरू करने की तैयारी है।