खाती मोहल्ला, रवि नगर और अलकापुरी में अब नई सड़क की बारी
वार्ड 52 में पार्षद निधि से शुरू होगा सड़कों का निर्माण
विधानसभा 5 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 52 में स्थित खाती मोहल्ला क्षेत्र और रविनगर के साथ ही अलकापुरी कॉलोनी की विभिन्न गलियों में लंबे समय से क्षतिग्रस्त सालों पुरानी सड़कों की बजाय अब क्षेत्रीय पार्षद सावित्री -सुदामा चौधरी द्वारा इसी मानसून सीजन में बेहद जल्द पुरानी ऊबड़ - खाबड़ सड़कों की बजाय नई चमचमाती सीमेंटेड सड़कों का जाल बिछाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिसको लेकर निगम द्वारा निविदा भी जारी हो गई है। वहीं अब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है।
जल्द काम शुरू होगा ताकि समस्या का हो समाधान
कहा जा रहा है कि अब बेहद जल्द क्षेत्र के रहवासियों की मांग पर सड़क निर्माण कार्य भी शुरू करने की तैयारी है। जिसके अंतर्गत निगम द्वारा करीब 30 लाख रुपए के आसपास खर्चकर वार्ड के जिन प्रमुख क्षेत्रों में ड्रेनेज और नर्मदा के साथ बोरिंग की लाइन डालने के लिए खुदाई से खराब हुई सड़कों को आवश्यक सुधार कर नव निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। क्षेत्रीय पार्षद सावित्री सुदामा चौधरी ने बताया लंबे समय से क्षेत्र के रहवासी नई सड़क निर्माण और पुरानी खुदी सड़क के सुधार को लेकर मांग कर रहे थे।
जिसकी मंजूरी को लेकर निगम में लगातार प्रयास कर रहे थे। वहीं अब टेंडर प्रक्रिया के बाद उम्मीद है जल्द काम भी शुरू हो जाएगा जिससे क्षेत्र के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
