सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

स्टार्क के पंजे में बांग्लादेश 9 विकेट खोए

मकाय (ऑस्ट्रेलिया)। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 2026 के दूसरे टेस्ट की शुरुआत मिचेल स्टार्क के लिए किसी गोल्डन सपने से कम नहीं रही। नई गेंद हाथ में आते ही स्टार्क ने बांग्लादेशी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। केवल 6.4 ओवर में उन्होंने 5 विकेट झटक लिए और बांग्लादेश को शुरुआती ओवरों में ही गहरे संकट में धकेल दिया।

तब तक बांग्लादेश के सिर्फ 12 रन ही बने थे। यही नहीं, उन्होंने साउथ अप्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन का एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वह अब टेस्ट क्रिकेट में विकेटों के मामले में स्टेन से आगे निकल गए हैं। स्टेन के नाम 439 विकेट थे।

समाचार लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 43 रन पर ही 9 विकेट खो दिए थे। स्टार्क के अलावा पेट कमिंस ने 3 और हेजलवुड ने 1 विकेट झटका। बांग्लादेश के चार बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती 5 विकेट मिचेल स्टार्क ने झटके, वह भी सिर्फ 22 गेंदों में। पारी की पहली ही गेंद पर स्टार्क ने शादमान इस्लाम को आउट करके अपने इरादे स्पष्ट कर दिए।

गेंद फुल थी और स्टंप्स की ओर आती हुई आखिरी क्षण में बाहर निकली। शादमान ने उसे ऑन-साइड में खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने मोटा लीडिंग एज लिया और कैमरन ग्रीन ने गली में आसान कैच पूरा किया। स्टार्क के लिए टेस्ट क्रिकेट में यह चौथी बार था जब उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया।

इसके बाद मुमिनुल हक ने कुछ देर संभलने की कोशिश की और स्टार्क की गेंद पर एक चौका भी लगाया। लेकिन 2.1 ओवर में स्टार्क ने तंजिद हसन तमिम को भी चलता कर दिया। बाहर जाती हुई गेंद पर तंजिद ने हल्का सा बल्ला लगाया और तीसरी स्लिप में वेबस्टर ने कैच पकड़ लिया।

शुरुआत में यह जांच की गई कि गेंद जमीन से तो नहीं लगी थी, लेकिन रिप्ले ने फैसला साफ कर दिया। अगली ही गेंद पर स्टार्क ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को एलबीडब्ल्यू कर दिया। गेंद फुल थी। अंदर की ओर आई और पैड से जा टकराई। रिव्यू के बाद भी फैसला बरकरार रहा। लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर स्टार्क हैट्रिक के बेहद करीब पहुंच गए।

रहीम ने इसके बाद शानदार धैर्य दिखाया और लगातार स्टार्क की गेंदों को छोड़ते रहे। दूसरी ओर मुमिनुल ने एक-दो अच्छे शॉट खेले, लेकिन 4.5 ओवर में स्टार्क ने उन्हें भी गली में कैमरन ग्रीन के हाथों कैच करा दिया। गेंद बाहर की ओर स्विंग हुई और मुमिनुल के बल्ले का मोटा किनारा लग गया। इसके बाद स्टार्क का सबसे शानदार विकेट आया।