सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

महूनाका स्विमिंग पूल के काम पर निगम खर्च करेगा 31 लाख

नगर निगम के द्वारा महू नाका के स्विमिंग पूल के कामकाज पर 31 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए योजना बनाकर तैयार हो गई है और उसकी मंजूरी दे दी गई है।

नगर निगम के द्वारा पूरे शहर में केवल दो स्विमिंग पूल का संचालन किया जाता है। इसमें से एक स्विमिंग पूल नेहरू पार्क में स्थित है। इस स्विमिंग पूल को नया बनाने का काम पिछले कई महीनो से लगातार चल रहा है। पिछले कुछ महिनों से तो नगर निगम के द्वारा बार-बार यह ऐलान किया जा रहा है कि बस काम हो गया अब अगले महीने हम इसे आम जनता के उपयोग के लिए खोल देंगे।

लेकिन यह अगला महीना नहीं आ पा रहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि यह स्विमिंग पूल अगस्त के महीने में शुरू हो जाएगा। पिछले दिनों इस स्विमिंग पूल का निरीक्षण करते हुए यह देखा गया कि अधिकांश काम पूरा हो गया है और पूल में पानी भी भर दिया गया है।

इसी तरह से नगर निगम के द्वारा शहर के पश्चिमी क्षेत्र में महू नाका पर भी स्विमिंग पूल का संचालन किया जाता है। यह बहुत पुराना और बहुत बड़ा स्विमिंग पूल है। नगर निगम के द्वारा इस स्विमिंग पूल में मरम्मत के सिविल कार्य तथा रंगाई पुताई करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।

इस प्रस्ताव के अनुसार इस कार्य पर 31 लाख रुपए से ज्यादा की राशि खर्च होगी। नगर निगम के द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब जल्द ही इस प्रस्ताव के आधार पर काम शुरू किया जाएगा। निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस कामकाज के माध्यम से इस स्विमिंग पूल में वहां जाने वाले लोगों को जो परेशानी हो रही है उस परेशानी को समाप्त करने की कोशिश की जाएगी।

इस कार्य के द्वारा इस स्विमिंग पूल को उपयोग करने वालों के लिए सुविधाजनक बनाने का काम किया जाएगा।