सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

ग्रीन बॉन्ड के बाद इंदौर नगर निगम सितंबर में लॉन्च करेगा 1000 करोड़ जुटाने लिए ब्लू बांड

महापौर बोले बैंक से कर्ज लेने की बजाय नागरिकों के पूंजी निवेश से विकास की मिसाल करेंगे पेश, नर्मदा का चौथा चरण इंदौर लाने के लिए नगर निगम को चाहिए 1600 करोड़ रुपए

नर्मदा के चौथे चरण की महत्वाकांक्षी जल प्रदाय परियोजना को गति देने के लिए इंदौर नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। महापौर परिषद की बैठक में 1,000 करोड़ रुपये के ब्लू बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सितंबर के अंत तक बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही इंदौर देश का पहला नगरीय निकाय बन जाएगा, जो जल परियोजना के लिए ब्लू बॉन्ड जारी करेगा।

बैंक त्रण की जगह निवेशकों से पूंजी

नगर निगम को नर्मदा के चौथे चरण के लिए लगभग 1,600 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। पहले यह राशि बैंकों से त्रण लेने की योजना थी, लेकिन अब निगम ने 1,000 करोड़ रुपये ब्लू बॉन्ड के जरिए जुटाने का निर्णय लिया है। शेष राशि बैंक त्रण से प्राप्त की जाएगी।

केंद्र देगा 100 करोड़ की सब्सिडी

ब्लू बॉन्ड जारी करने पर नगर निगम को केंद्र सरकार से 100 करोड़ रुपये की सब्सिडी मिलेगी। निवेशकों को निगम तय ब्याज दर के अनुसार भुगतान करेगा। बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया इसी माह शुरू होगी और अगले तीन माह में पूरी कर ली जाएगी।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि बैंक से कर्ज लेने की बजाय नागरिकों के पूंजी निवेश से विकास की मिसाल करेंगे पेश। उन्होंने कहा कि देशभर के नगर निगम के लिए इंदौर ने एक नया मॉडल पेश किया है जिसके तहत वे सरकार से बगैर किसी आर्थिक मदद के बड़े विकास कार्यों को पूरा कर सकते हैं। देश के कई नगरी निकाय केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक सहायता पर निर्भर रहते हैं जिसके कारण विकास कार्य समय पर नहीं होते और शहर के नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

यही कारण है कि इंदौर नगर निगम जनता की पूंजी निवेश से शहर विकास कार्यों को संपन्न कर रहा है। ग्रीन बांड जारी करके इंदौर नगर निगम ने यह साबित भी किया है इसके साथ ही नगर निगम ग्रीन बॉन्ड पर निवेशकों को अच्छा खासा ब्याज भी दे रहा है आने वाले 1000 करोड़ के बांड पर भी नगर निगम शासकीय बैंक ब्याज दरों से कई अधिक ब्याज निवेश पर देगा। देश के नागरिकों ने पहले भी इंदौर नगर निगम पर भरोसा जताया।

नगर निगम को 244 करोड रुपए की आवश्यकता 60 मेगावाट के प्लांट लगाने के लिए थी, जब बॉन्ड जारी किया गया तो निगम को 700 करोड रुपए से अधिक का निवेश मिला।

ग्रीन बॉन्ड का सफल रहा अनुभव

इंदौर नगर निगम ने फरवरी 2023 में 244 करोड़ रुपये के ग्रीन बॉन्ड जारी किए थे, जिन्हें निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला और यह करीब छह गुना अधिक सब्सक्राइब हुए। इसी राशि से जलूद में 60 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया, जिससे निगम को हर महीने लगभग 5 करोड़ रुपये की बचत हो रही है। वर्तमान में निगम ग्रीन बॉन्ड पर निवेशकों को 8.25 प्रतिशत ब्याज दे रहा है तथा इसके बदले 61 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी प्राप्त हुई थी।

तीन माह में पूरी होगी प्रक्रिया

नगर निगम का लक्ष्य अगले तीन माह में ब्लू बॉन्ड जारी करने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर निवेशकों से पूंजी जुटाना है, ताकि नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का कार्य समय पर शुरू हो सके।

महापौर परिषद से ब्लू बॉन्ड प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। तीन माह में प्रक्रिया पूरी होगी। निवेशकों से पूंजी जुटाकर नर्मदा परियोजना के चौथे चरण को गति देंगे।

-पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर