सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

इंदौर संभागायुक्त का पदभार भास्कर लक्षकार ने ग्रहण किया

डॉ. सुदाम खाड़े को अधिकारियों ने दी विदाई

भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर लक्षकार ने इंदौर संभाग के नए संभागायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे आयुक्त सह- संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पद पर पदस्थ थे।

लक्षकार ने प्रदेश में मुरैना, गुना एवं रतलाम जिले के कलेक्टर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दी। इस अवसर पर निवर्तमान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. खाड़े की पदस्थापना मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में हुई है।

संभागायुक्त कार्यालय में अधिकारियों ने भास्कर लक्षकार का आत्मीय स्वागत किया तथा डॉ. सुदाम खाड़े को उनके कार्यकाल के लिए भावभीनी विदाई दी। इस दौरान लक्षकार ने संभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक कार्यों की जानकारी भी ली। लक्षकार ने कहा कि इंदौर संभाग में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति पहले से स्थापित है और उनकी कोशिश रहेगी कि टीम वर्क, बेहतर समन्वय और नवाचार के माध्यम से इसे और ऊंचे स्तर पर ले जाया जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने और जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। पदभार के पूर्व सम्भागायुक्त ने खजराना गणेश मंदिर और रणजीत हनुमान मेदिर परिवार के साथ पहुंचकर पूजन अर्चन, दर्शन किए। इस अवसर पर अधिकारी तरुण भटनागर, सपना अनुराग जैन, सारिका भूरिया, डॉ. परीक्षित झाडे, सपना लोवंशी, शिवानी वर्मा, रजनीश कसेरा सहित अन्य मौजूद थे।